Breaking News :फोरलेन बना जानलेवा, तीन हफ्तों में तीसरी मौत से भड़के ग्रामीण किया चक्काजाम प्रशासन पहुंचा मौके पर!
फोरलेन बना जानलेवा, तीन हफ्तों में तीसरी मौत से भड़के ग्रामीण किया चक्काजाम प्रशासन पहुंचा मौके पर!
मुच्छल ढाबा के सामने बस की टक्कर से किसान की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

पाढर। बैतूल-भेापाल फोरलेन सडक़ पर ग्राम नीमपानी के पास स्थित मुच्छल ढाबा के सामने फोरलेन सडक़ किनारे लगने वाली ट्रकों की कतार से आए दिन हादसे हो रहे हैं। विगत 6 मई, 17 मई को ही यहां हुए सडक़ हादसे में दो युवक की मौत होने और दो युवकों के घायल होने के बाद शनिवार शाम फिर एक बाइक चालक को बस ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस स्थान पर लगातार हो रहे सडक़ हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार शाम को फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। शाम 7 बजे से शुरू हुआ चक्काजाम खबर लिखे जाने तक जारी था। इस दौरान शाहपुर टीआई मुकेश ठाकुर पुलिस बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों को समझाईश दी लेकिन ग्रामीण प्रशासनिक और एनएचएआई अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इस हादसे में पाढर से साप्ताहिक बाजार कर लौट रहे ग्राम पलासपानी निवासी गुलशन पिता डोमा कुमरे (30) की मौत हो गई।बाजार करके लौट रहा था किसान नीमपानी के समीप ग्राम पलासपानी निवासी किसान गुलशन पिता डोमा कुमरे शनिवार को पाढर में लगे साप्ताहिक बाजार करके अपनी बाईक से गांव लौट रहा था। ग्राम पलासपानी जाने के लिए फोरलेन पर कोई व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीण मजबूरी में लगभग 100 मीटर रांग साईड चलकर जाते है।
गुलशन भी रांग साईड में किनारे से बाईक ले जा रहा था। इस दौरान मुच्छल ढाबा के सामने सडक़ किनारे बड़े-बड़े कंटेनर खड़े होने से वह पटरी से सडक़ पर आ गया। तभी सामने से आ रही फौजदार बस ने बाईक को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रांग साइड से जाना मजबूरी बैतूल-भोपाल फोरलेन सडक़ में ग्राम नीमपानी में एक भी रोड क्रासिंग नहीं दी गई है। पाढर नीमपानी के बीच उसड़ीढाना जोड़ पर क्रासिंग है इनके बाद लगभग 4 किलोमीटर आगे फांसीबढ़ जोड़ पर क्रांसिंग दी गई है। उसड़ीढाना जोड़ की क्रासिंग से लगभग 500 मीटर आगे पलासपानी, पचामा जाने वाली सडक़ है जिससे इन गांव के अधिकतर ग्रामीण बैतूल-पाढर से आने के दौरान लगभग 500 मीटर रांग साइड में पटरी से चलकर 4 किलोमीटर का फेश बचाते हैं। लगभग 90 फीसदी वाहन चालक गलत साइड से चलकर ग्राम पचामा, पलासपानी पहुंचते हैं।
पटरी पर ट्रक खड़े होने से होते हैं हादसे इस 500 मीटर की दूरी में ही मुच्छल ढाबा स्थित है। हालांकि ढाबे के सामने पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था है। लेकिन शाहपुर से बैतूल की ओर आने वाले ट्रक, कंटेनर चालक सडक़ किनारे ही ट्रक खड़े करके ढाबा चले जाते हैं। जिससे रांग साइड की पटरी से आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को मजबूरी में सडक़ पर आना पड़ता है और इसी में हादसे होते रहते हैं। यदि सडक़ किनारे ट्रक कंटेनर आदि खड़े नहीं होंगे तो वाहन चालक पटरी से होते हुए पलासपानी जोड़ तक पहुंच जाते हैं। ढाबे के सामने ट्रक खड़े होने से ग्राम नीमपानी के युवा काफी आक्रोशित है और कई बार ढाबा संचालक से निवेदन भी कर चुके हैं लेकिन कोई हल नहीं निकल रहा है। ग्रामीणों ने शाहपुर थाना प्रभारी से सडक़ किनारे खड़े होने वाले ट्रकों पर रोक लगाने और ग्राम पलासपानी जोड़ और नीमपानी में फोरलेन सडक़ पर क्रासिंग बनवाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
मुच्छल ढाबा के सामने आए दिन होने वाले हादसों से आक्रोशित ग्राम नीमपानी, पलासपानी, पचामा, बोडक़ी, बाचा, खारी सहित आसपास के एक दर्जन गांव के ग्रामीणों ने फोरलेन पर हनुमान मंदिर के सामने चक्काजाम कर दिया। लगभग 500 ग्रामीण फोरलेन के दोनों लेन पर बैठ गए। चक्काजाम की सूचना मिलते ही शाहपुर टीआई मुकेश ठाकुर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाईश दी, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों को बुलवाने की मांग पर अड़े रहे। खबर लिखे जाने तक चक्काजाम जारी था।
