Harda News:हरदा में मौसम का कहर तेज़ हवाओं के साथ ओलावृष्टि से किसानों की फसल तबाह
हरदा में मौसम का कहर तेज़ हवाओं के साथ ओलावृष्टि से किसानों की फसल तबाह

हरदा जिले में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज़ हवाओं के साथ हुई ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। जिले के कई ग्रामीण इलाकों में बेमौसम बारिश और बड़े-बड़े ओले गिरने से खेतों में खड़ी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। खासकर गेहूं की फसल को सबसे ज़्यादा नुकसान हुआ है।किसानों का कहना है कि जिन गेहूं की फसलों में बालियां निकलकर अच्छी बढ़त ले चुकी थीं, वे तेज़ हवा और ओलों की मार से ज़मीन पर गिर गईं। इससे न केवल दाने खराब होने का खतरा बढ़ गया है, बल्कि उत्पादन में भी भारी गिरावट की आशंका है। कई जगहों पर खेतों में पानी भर गया, जिससे फसल सड़ने का डर बना हुआ है।अचानक बदले मौसम के कारण किसान संभल भी नहीं पाए और कुछ ही देर में खेतों का हाल बिगड़ गया। ओलावृष्टि की तीव्रता इतनी ज़्यादा थी कि खड़ी फसलें पूरी तरह बिछ गईं। इस प्राकृतिक आपदा से क्षेत्र के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
