Betul News:आख़िर क्यों आर आई ने पुलिस अधिकारियों को पहनवा दी फूलों की जगह सब्जियों की माला!
आख़िर क्यों आर आई ने पुलिस अधिकारियों को पहनवा दी फूलों की जगह सब्जियों की माला!

आज पुलिस लाइन बैतूल का नजारा बड़ा ही रंगीन था। यहां आयोजित पुलिस मिलन समारोह में पुलिस अधिकारी और पुलिस कर्मियों ने खूब रंग गुलाल खेला, लेकिन इन सब के बीच आर आई द्वारा सभी अधिकारियों के स्वागत के लिए फूलो की जगह सब्जियों की जो मालाएं बनवाई थी वह सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रही।हर साल पुलिस होली के दूसरे दिन होली मनाती है। होली हो या दिवाली या फिर कोई अन्य त्योहार हमेशा पुलिस कर्मी दूसरे दिन ही त्योहार मनाते है..त्योहार के दिन नागरिक जब शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मना लेते है तो अगले दिन लॉ एंड ऑर्डर संभालने वाली पुलिस त्योहार मनाती है। धुरेंडी पर्व के दूसरे दिन आज मंगलवार को जिला पुलिस द्वारा पुलिस लाइन में रंगोत्सव का आयोजन किया गया।पुलिस होली मिलन समारोह में एसपी निश्चल झारिया, ए एस पी कमला जोशी, एसडीओपी शालिनी परस्ते सहित सभी अनुभाग के एसडीओपी, डीएसबी प्रभारी नित्यानंद विश्वास, सायबर सेल प्रभारी कविता नागवंशी, यातायात प्रभारी गजेंद्र केन और सभी थाना प्रभारी सहित पुलिस कर्मियों ने जमकर होली खेली। पहली बार पुलिसकर्मियों को परिवार के साथ होली मिलन में आमंत्रित किया गया था।डीजे और ढोल की धुन पर पुलिस कर्मियों ने जमकर रंग गुलाल उड़ाया और एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। होली के गानों पर महिला पुलिस कर्मियों ने भी धूम मचाई।होली मिलन समारोह को रंगीन और यादगार बनाने के लिए आर आई दिनेश कुमार मर्सकोले द्वारा खास व्यवस्थाये पुलिस लाइन में की गई।खास बात यह थी कि स्वागत के लिए शिमला मिर्च, आलू, प्याज, टिंडे, भिंडी,करेला, बैगन, मिर्च,नींबू, ककड़ी आदि सब्जियों से माला तैयार की गई थी अधिकारियो और पुलिस कर्मियों ने यह माला एक दूसरे को पहनाकर जमकर फोटो सेशन किया।
मर्यादा में खेले होली : एसपी
होली मिलन समारोह में पुलिस कर्मियों का उत्साह वर्धन करते हुए एसपी ने कहा कि जिले भर में शांति और सौहार्द पूर्ण होली का त्योहार मनाया गया। कल जिलेवासियों ने हर्षोल्लास से होली खेली आज पुलिस की बारी है।उन्होंने कहा की डीजे और ढोल है खूब रंग उड़ाए और जमकर होली का आनंद ले। जिसे डांस करना है डांस करे जिसे रंग गुलाल खेलना है वह रंग गुलाल खेले पर होली मर्यादा में रहकर होली खेले, कही ऐसा न हो की अगले दिन आपकी फोटो अखबार में नजर आए। एसपी ने होली मिलन के लिए की गई तैयारियों के लिए आर आई व उनकी टीम की मुक्त कंठ से सराहना की।
