Police News:इमरजेंसी में कॉल करें… लेकिन उम्मीद न रखें बैतूल कंट्रोल रूम सुस्त!
इमरजेंसी में कॉल करें… लेकिन उम्मीद न रखें बैतूल कंट्रोल रूम सुस्त!

बैतूल। जिले का पुलिस कंट्रोल रूम अब इमरजेंसी हेल्पलाइन कम और सरकारी साइलेंट मोड ज्यादा बन चुका है। फोन बजता है बजता ही रहता है लेकिन शायद उसे उठाने वाला कोई कल्पित प्राणी है, जो धरती पर मौजूद ही नहीं। जनता चाहे लुट रही हो, पिट रही हो या जिंदगी-मौत के बीच झूल रही हो, उधर से वही eternal soundtrack—टूं-टूं-टूं। इतना ही नहीं बैतूल पुलिस कंट्रोल रूम का आपतकाल नंबर 07141232300 आजकल किसी गुप्त ‘अवकाश मोड’ में चल रहे हैं। कॉलर चाहे कितनी भी बार फोन मिलाए, उधर से जवाब तय है।गहरा, स्थायी, सरकारी मौन।लोग शिकायत कर-कर थक चुके हैं कि पुलिस कंट्रोल रूम एक कॉल उठाने में इतना व्यस्त रहता है कि शायद उसे कॉल उठाने की फुर्सत ही नहीं मिलती। नतीजा अपराधी आराम से अपना काम निपटाकर लौट जाते हैं, ज़ख्मी सहायता के इंतज़ार में तड़पते रहते हैं,और आम नागरिक समझ नहीं पाते कि वे पुलिस को कॉल कर रहे हैं या किसी संग्रहालय में रखे प्राचीन टेलीफोन पर।कुल मिलाकर हालात यह हैं कि बैतूल में इमरजेंसी में फोन मिलाना जनता का हक है और फोन न उठाना पुलिस की परंपरा।

इस की जानकारी लेने के लिए बैतूल एसपी से उनके मोबाईल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश करी लेकिन फोन लग नहीं पाया। इसलिए हम उनकी राय नहीं जान पाए कि आखिर पुलिस कट्रोल रूम में इमरजेंसी फोन उठाने में परहेज क्यों!
