Crime News:ट्रेन में गांजा तस्करी नाकाम, 8.6 किलो गांजा जब्त जीआरपी–आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, दो अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार
ट्रेन में गांजा तस्करी नाकाम, 8.6 किलो गांजा जब्त जीआरपी–आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, दो अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

आमला।ट्रेनों के माध्यम से हो रही अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जीआरपी आमला को बड़ी सफलता मिली है। रेल पुलिस अधीक्षक/उप पुलिस महानिरीक्षक भोपाल श्री राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल श्रीमती नीतू डाबर एवं उप पुलिस अधीक्षक इटारसी श्री महेन्द्र सिंह कुल्हारा के मार्गदर्शन में जीआरपी–आरपीएफ की संयुक्त टीम ने ट्रेन में चेकिंग के दौरान 8.600 किलोग्राम गांजा जब्त किया।
दिनांक 21 जनवरी को ट्रेन क्रमांक 12615 जीटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में तलाशी के दौरान दो संदिग्ध बैग मिले। काले रंग की ट्रॉली बैग से 4.240 किलो तथा कत्थई रंग के हैंड बैग से 4.360 किलो गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कुल कीमत लगभग 1 लाख 29 हजार रुपये आंकी गई है।पूछताछ में बैग अपने होना स्वीकार करने पर पुलिस ने दो यात्रियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में ताजिम अंसार (27), निवासी हुगली, पश्चिम बंगाल एवं सलीम कुमार नायक (33), निवासी कंधमाल, ओडिशा शामिल हैं।आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 08/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय बैतूल में पेश किया गया।कार्रवाई में जीआरपी आमला, आरपीएफ एवं डॉग स्क्वॉड की टीम की सराहनीय भूमिका रही। रेल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनों में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
