Betul News:अब सुबह लगेंगे जिले के सभी स्कूल, कलेक्टर ने जारी किए आदेश
मप्र राज्य कर्मचारी संघ की मांग पर मिला असर, स्कूलों के समय में हुआ बदलाव
अब सुबह लगेंगे जिले के सभी स्कूल, कलेक्टर ने जारी किए आदेश
मप्र राज्य कर्मचारी संघ की मांग पर मिला असर, स्कूलों के समय में हुआ बदलाव

बैतूल। भीषण गर्मी के चलते बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ द्वारा बच्चों को लू और गर्म हवाओं से राहत देने के लिए स्कूल का समय बदलने की मांग की गई थी। इस पर जिला प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए दोपहर 12 बजे के पहले ही स्कूलों का संचालन करने का आदेश जारी किया है।कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ग्रीष्म ऋतु में तापमान में निरंतर हो रही वृद्धि से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसे दृष्टिगत रखते हुए जिले में संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं, शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, सीबीएसई, नवोदय, केंद्रीय विद्यालय आदि को निर्देशित किया गया है कि वे कक्षा नर्सरी से लेकर 12वीं तक की कक्षाएं दोपहर 12 बजे से पूर्व ही संचालित करें।
कलेक्टर के इस आदेश का मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ने स्वागत किया है। संघ के जिला अध्यक्ष सचिन राय ने आदेश को बच्चों के हित में उठाया गया सराहनीय कदम बताते हुए कलेक्टर का आभार जताया है। उन्होंने इस मांग को प्रमुखता से प्रकाशित करने वाले मीडिया संस्थानों को भी धन्यवाद दिया है। इस आदेश के अनुसार शैक्षणिक संस्थाओं की परीक्षाएं पूर्ववत संचालित होती रहेंगी और केवल पढ़ाई के समय में परिवर्तन किया गया है। प्रशासन का यह कदम बच्चों की सेहत को प्राथमिकता देने का एक सकारात्मक प्रयास माना जा रहा है। जिलेभर के शिक्षकों, पालकों और विद्यार्थियों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए राहत की भावना जताई है। अब जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाएं सुबह जल्दी प्रारंभ होकर दोपहर 12 बजे के पहले समाप्त हो जाएंगी, जिससे बच्चों को तेज धूप और लू से काफी हद तक बचाया जा सकेगा।
