Betul News:सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आमला में वाहन रैली के माध्यम से यातायात जागरूकता अभियान
सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आमला में वाहन रैली के माध्यम से यातायात जागरूकता अभियान

पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेंद्र जैन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत यातायात जागरूकता एवं रोड सेफ्टी अभियान के तहत थाना आमला पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव एवं जन-जागरूकता हेतु वाहन रैली का आयोजन किया गया।वाहन रैली के माध्यम से नगर मे भ्रमण कर आमजन को यातायात नियमों का पालन, राहवीर योजना, सीपीआर (CPR) की प्राथमिक जानकारी, हिट एंड रन मोटरयान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर योजना, शराब पीकर वाहन न चलाने, तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर की जाने वाली वैधानिक कार्यवाही के संबंध में जागरूक किया गया ।वाहन रैली के दौरान यह भी बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने पर राहवीर योजना के अंतर्गत शासन द्वारा उचित पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली जनहानि, आर्थिक क्षति एवं पारिवारिक पीड़ा के बारे में प्रभावी ढंग से आमजन को अवगत कराया गया तथा आमला नगर में भ्रमण कर वाहन चालकों को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन न चलाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, वाहन बीमा एवं पंजीयन, तथा शराब के सेवन के पश्चात वाहन न चलाने के संबंध में समझाइश दी गई, जिससे स्वयं के साथ-साथ परिवार एवं समाज की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस अधीक्षक बैतूल का जागरूकता संदेश
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेंद्र जैन ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का मूल मंत्र है। हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा एवं नशे से दूरी अपनाकर हम स्वयं, अपने परिवार तथा समाज को सुरक्षित रख सकते हैं। दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति की सहायता कर आप एक नेक नागरिक की भूमिका निभा सकते हैं तथा शासन की राहवीर योजना का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।सड़क सुरक्षित होगी तभी जीवन सुरक्षित रहेगा।
