Betul News:माँ तुझे प्रणाम’ योजना के तहत युवा दल महाकौशल भ्रमण के लिए रवाना, राष्ट्रप्रेम और अनुशासन का लिया संकल्प

माँ तुझे प्रणाम’ योजना के तहत युवा दल महाकौशल भ्रमण के लिए रवाना, राष्ट्रप्रेम और अनुशासन का लिया संकल्प

बैतूल, 19 जून 2026। मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की महत्वाकांक्षी ‘माँ तुझे प्रणाम’ योजना के अंतर्गत जिले के युवाओं का एक दल महाकौशल अंचल के ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक स्थलों के भ्रमण के लिए शुक्रवार को जबलपुर रवाना हुआ। योजना का उद्देश्य युवाओं में साहस, अनुशासन, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है।युवा दल को जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, जिला महामंत्री कृष्णा गायकी, मीडिया प्रभारी चाणक्य राखड़े तथा जिला खेल अधिकारी पूजा कुरील ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर खेल विभाग के समन्वयक, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे ने कहा कि ‘माँ तुझे प्रणाम’ योजना युवाओं को राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता से जोड़ने की एक अनूठी पहल है। उन्होंने युवाओं से भ्रमण के दौरान प्राप्त अनुभवों को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।जिला महामंत्री कृष्णा गायकी ने भी युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण और समाज सेवा की भावना के साथ यात्रा पूर्ण करने की शुभकामनाएं दीं। जिला खेल अधिकारी पूजा कुरील ने बताया कि तीन दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम 19 जून से प्रारंभ हुआ है। यात्रा के दौरान युवा दल जबलपुर के प्रसिद्ध भेड़ाघाट, चौसठ योगिनी मंदिर और पंचवटी जैसे प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेगा। इसके बाद दल मंडला पहुंचेगा, जहां युवाओं को विश्व प्रसिद्ध कान्हा नेशनल पार्क में सफारी का अनुभव भी कराया जाएगा। भ्रमण दल 21 जून 2026 को वापस लौटेगा।उन्होंने यात्रा के दौरान सभी प्रतिभागियों को अनुशासन बनाए रखने, सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने तथा समूह के साथ समन्वय बनाकर चलने की सलाह दी।इस अवसर पर युवाओं ने देशभक्ति, राष्ट्र सेवा और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प भी लिया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.